प्यारे बच्चों

कल सपने में देखा -मैं एक छोटी सी बच्ची बन गई हूं । तुम सब मेरा जन्मदिन मनाने आये हो । चारों ओर खुशियाँ बिखर पड़ी हैं ,टॉफियों की बरसात हो रही है । सुबह होते ही तुम में से कोई नहीं दिखाई दिया ।मुझे तो तुम्हारी याद सताने लगी ।

तुमसे मिलने के लिए मैंने बाल कुञ्ज के दरवाजे हमेशा के लिए खोल दिये हैं। यहाँ की सैर करते समय तुम्हारी मुलाकात खट्टी -मीठी ,नाटी -मोती ,बड़की -सयानी कहानियों से होगी । कभी तुम खिलखिला पड़ोगे , कभी कल्पना में उड़ते -उड़ते चन्द्रमा से टकरा जाओगे .कुछ की सुगंध से तुम अच्छे बच्चे बन जाओगे ।

जो कहानी तुम्हें अच्छी लगे उसे दूसरों को सुनाना मत भूलना और हाँ ---मुझे भी वह जरूर बताना ।
इन्तजार रहेगा ----! भूलना मत - -

शनिवार, 15 अगस्त 2015

बालकहानी


मेरे तुम्हारे सपने /सुधा भार्गव



Image result for dream clip art

      पराग  के पैदा होते ही उसके माँ –बाप की आँखों में सपने तैरने लगे । उनकी जो इच्छाएँ पूरी नहीं हुई थीं उनको वे अपने बेटे द्वारा पूरा करना चाहते थे ।
बच्चा तीसरी कक्षा में ही आया था कि कमल और उसकी पत्नी अपने बेटे का भविष्य बुनने लगे ।
-मेरा बेटा तो इंजीनियर बनेगा। 
Image result for engineer son clip art


--- न ,मेरा बेटा तो - - - -डॉक्टर  बनेगा


Image result for medical doctor clip

-
बस हर बात में आप मनमानी करना चाहते हैं।
-
अच्छा बाबा ,जो तुम कहोगी वही बनेगा
-
ऐसी बात नहीं।  मेरी इच्छा पूरी न कर पाया तो आपकी इच्छा पूरी करेगा  बेटा तो हम दोनों का है

    कमल तो सपनों का बीज बोकर दफ्तर चला जाता पर उसकी पत्नी दिलोजान से उसमें खाद देने में लग जाती । बेटे पर पूरी तरह नजर रखती कि कहीं खेलने –कूदने में ही तो सारा समय खराब नहीं कर रहा ।
     एक दिन बेटा भागता हुआ आया माँ ,सुबह की पढ़ाई खतम कर दी है । अब मैं खेलने जाऊंगा 
-
पर बेटा    ---आज तो छुट्टी है कुछ तो पढ़ाई पर ज्यादा  ध्यान दो
-
क्या पढूँ ?
-
रिवीजन ही कर लो
-
रिवीजन- -- मतलब पन्नों को उलट – पुलट करूं। रिवीजन के नाम तो मुझे उबकाई आने लगी है।  एक ही पाठ दस बार पढ़ो----,उफ !लगता है पागल हो जाऊँगा
चलो आपकी बात मान लेता हूँ पर अभी से कह देता हूं शाम को नहीं रुकूंगा ,फुटबॉल खेलने जाऊँगा
-ओह बहस न कर ,जा पढ़ । उसकी शर्त सुनकर माँ झुँझला उठी ।
    
पराग ने   सोते जम्हाइयाँ लेते समय काटा ।  बस नाम को किताब हाथों में ले रखी थी ।   दिन ढलते जूते कसे और निकल गया घर से बाहर पर यह क्या ! वहाँ तो पापा खड़े मिल गये --
-
कहाँ चले बेटा --?
आवाज में मिठास थी पर पराग कड़वाहट से भर गया
-
खेलने जा रहा हूं
-जल्दी आना कुछ ख़ास बात करनी है
-
ठीक है पापा
पराग अपने पर काबू न रख सका और बड़बड़ाने लगा --
मेरे खेलने के समय ही बातें आन टपकती हैं । वैसे पापा इतने खोये -खोये रहते हैं कि मेरा पास खड़ा होना भी  पता नहीं चलता । कोई नहीं चाहता कि मैं खेलूं
    पराग खुशी- खुशी घर लौटा पर खाने की मेज पर पापा को बैठा देख उसका मुंह लटक गया ।
-
आओ बेटा  ,अब तो तुम कक्षा 5 में आ गए हो ।   हमारी इच्छा है तुम पढ़ने में रात –दिन एक कर डालो ताकि और अच्छे स्कूल में दाखिला हो सके । तुम्हारे लिए एक टीचर भी रख देंगे ।उसकी सहायता से ज्यादा अंक पा सकते हो । 
हमने तो कह दिया जो कहना था ,अब तुम बताओ - - -तुम क्या चाहते हो !
    -
पापा आपकी कोई बात मेरी समझ में नहीं आ रही --पर हाँ ,मैं बहत कुछ करना चाहता हूं । नीले आसमान के नीचे हंसती धरती पर खिले फूलों को छूना चाहता हूं गुनगुनी धूप में साथियों का हाथ पकड़ तितलियों का पीछा करना चाहता हूं ,फुटबॉल की तरह उछलना चाहता हूँ लेकिन कैसे करूं! आप लोगों ने मेरा सारा समय छीन लिया है।  क्या करूं—कहाँ जाऊं?मुझे ,मेरा कुछ समय तो लौटा दो पापा !पराग कहते –कहते बिलख पड़ा ।
उसका  फड़फड़ाना  माँ बाप से न देखा गया ।
उन्होंने उसे गले लगाते बड़े कातर स्वर में कहा –बच्चे हम तो तुम्हारे लिए सोने -चांदी सा भविष्य चाहते थे पर यहाँ तो तुम अपने वर्तमान में ही खुश नहीं हो तो आने वाले दिनों का स्वागत कैसे करोगे ?
 -पापा , मैं जानता हूँ पढ़ना बहुत जरूरी है पर इस समय  खुश रहने के लिए और भी तो कुछ चाहिए।
कमल और उसकी पत्नी को पहली बार एहसास हुआ कि वे बच्चे को बहुत जल्दी बड़ा होना देखना चाहते हैं ,उससे उसका बचपन छीनना चाहते हैं ताकि उनके सपने पूरे हों । उन्होंने अपनी भूल सुधार का निश्चय किया।
- आज से हम अपनी किसी इच्छा का बोझ तेरे सिर पर नहीं लादेंगे । सारी टोकाटाकी बंद । तू खेलेगा –कूदेगा –पढ़ेगा और अपने सपनों के झूले में झूलता बड़ा होगा। कमल ने दुलराते हुए उसके सिर पर हाथ फेरा।  
-सच पापा । चांदी के सिक्कों सी उसकी खनकती हंसी से कमल और उसकी पत्नी के चेहरे भी चमक उठे ।  
समाप्त
सुधा भार्गव
बैंगलोर

(यह कहानी देवपुत्र बाल मासिक अगस्त अंक2015  में प्रकाशित हुई है।)


शनिवार, 25 जुलाई 2015

कहानी

 

बाबा की छड़ी/सुधा भार्गव 

Image result for old man stick

-बाबा –बाबा, खाना खाने चलो।
-चलता हूँ चलता हूँ  –जरा छ्ड़ी तो लेने दे।
-छ्ड़ी लेकर क्या करोगे?मैं हूँ न आपकी छड़ी। लो मेरा हाथ पकड़ लो।
बाबा के चेहरे पर मुस्कान आकर पसर गई। 

रसोई के पास आसन बिछाते हुए छुटकी बोली -जूते उतारकर धीरे से बैठना बाबा।
-माँ –माँ आज मैं बाबा को खाना खिलाऊंगी।
-किसने मना किया है –खिलाओ। उनके सामने पहले मैं थाली रख दूँ कहीं गेरगार न दे। उसके बाद तुम गरम-गरम रोटी खिलाना।
-पर जरा जल्दी रोटी सेक दो। बाबा को भूख लगी होगी। क्यों बाबा ठीक कह रही हूँ न।
-रोटी ले जाना छटंकी। है छुटकी सी लेकिन बातों मे बड़ों -बड़ों के कान काटती है। माँ रसोई से ही बड़बड़ाई।
-ओह बहू डांटो मत।बिटिया तो चिड़िया की तरह चहकती ही अच्छी लगती है।
छटंकी चिड़िया की तरह फुदकती ही रोटी लाई और बोली -
-बाबा जल्दी से थाली के पास से हाथ हटाओ वरना गरम फुलके से हाथ जल जाएगा। 
बाबा ने आधी रोटी के छोटे छोटे टुकड़े कर के चिड़ियों को डाल दिए ,चौथाई रोटी का भगवान का भोग लगा हाथ जोड़ लिए। 
-अब तो एक गस्सा रह गया,बाबा खाओगे क्या!रुको दूसरी लाती हूँ।
एक रोटी खाते ही बाबा का नाजुक पेट भर गया। बोले –बस अब मैं खा चुका।
-एक रोटी से पेट भर गया! न –न एक रोटी और लेनी पड़ेगी।
-बेटा ,अब नहीं खा सकता।
-क्यों? आपने खाया ही क्या है। अरे आज तो मीठा दही भी नहीं है। माँ—माँ—दही जल्दी लाओ । बाबा उठे जा रहे हैं। और हाँ जरा ज्यादा सा लाना। उन्होंने रोटी भी कम खाई है।

छुटकी की माँ ने थाली में दही की कटोरी रख दी।
-अरे बहू ,इतना सारा --। तू भी इस छुटकी के कहने मेँ आ गई।
-ओह!आप खाओ तो ,बचेगा तो मैं खा लूँगी। देखो बाबा आप ठीक से खाते नहीं हो। तभी कमजोर होते चले जा रहे हो। डॉक्टर अंकल से आपकी इस बार शिकायत जरूर करूंगी।
-अरे पटाका –ले –सब दही खतम कर देता हूँ। बस खुश!
-खुश –बहु--त खुश!छुटकी ने दोनों हाथ फैला दिए। आप पानी पीकर अब आराम करने चलो। अरे ,आप तो चल दिए। अपनी छड़ी को तो भूल गए।
बाबा ने हँसकर उसकी उंगली पकड़ ली। 

कमरे मेँ घुसते ही छुटकी का लाउडस्पीकर चालू हो गया-बाबा पलंग पर झटके से न लेटना- कल आपकी कमर मेँ दर्द हो रहा था। याद है न।
-याद न भी हो तो क्या है!मेरी पटाका ने याद तो दिला ही दिया।
-बाबा आप तो बड़े भुलक्कड़ होते जा रहे हो। फिर कुछ भूल रहे हो। छटंकी ने अपना सिर थाम लिया।
बाबा अपनी पोती को चकित से  ताकने लगे और पूछा –क्या--?
Image result for एक पान का पत्ता

-उफ!पान।

-बच्चे पान खाने की तो मुझे आदत है—कैसे भूल सकता हूँ। मैंने आप जान कर पान की नहीं कहा। तुझे फिर एक चक्कर लगाना पड़ता।
-रुको मैं अभी आई—पान लाई।
-तुझे पान लगाना भी आ गया।
-मैं पान नहीं लगा सकती । देखा न पानदान  कितनी ऊंचाई पर रखा है। मेरे तो हाथ ही नहीं पहुँचते। थोड़ी लंबी हो जाऊं फिर पान  मैं ही लगाऊँगी।
-पान तो घर मेँ सब खाते है। पान लगाते लगाते तेरे नन्हें से हाथ थक जाएंगे।
-छुटकी पल भर को सोच में पड गई। फिर धीरे से बोली –एक बात कहूँ!
-कह –।
-वो कोई मेरे बाबा है। मैं तो केवल अपने बाबा को पान लगाऊँगी। फिर मटकती उछलती कमरे से बाहर हो गई।
पोती के प्यार में बाबा भीग कर रह गए और लगा मानो गुलाब से महकते सुखों से  उनकी जेबें भर गई हों।   


 
फोटोग्राफी -सुधा भार्गव 
  

गुरुवार, 16 अप्रैल 2015

लोककथा

चतुर किसान

Image result for farmer working in field

एक किसान ऐसे खेत में काम करता था जहां पहले गाँव बसा हुआ था । उसमें एक धनी आदमी रहता था। उसके पास बहुत सारा सोना चांदी था। उसने एक गहरा गड्ढा खुदवाया और चोरों से बचाने के लिए उसे उसमें भर दिया । यह बात उसने किसी को बताई नहीं। उसके कुछ दिनों बाद वह मर गया । तब से धन वहीं गड़ा हुआ था ।
एक दिन किसान खेत जोत रहा था । उसका हल सोने चांदी जैसी कड़ी चीज से टकराने के कारण वहीं रुक गया । उसने सोचा –जड़ें होंगी ,थोड़ी रेत हटाकर देखता हूँ । रेत हटाने पर उसे चमकता हुआ सोना दिखाई दिया । उसका मन जरा भी चलायमान नहीं हुआ। उसे अपने बहुत से काम  भी खतम करने थे इसलिए उसे पहले की तरह रेत से ढककर  रख दिया  ।
शाम को फुर्सत पाने  के बाद उसने अपने आप से कहा –यह धन तो बहुत है ।एक बार में इसे नहीं ले जा सकता । इसके चार हिस्से करूंगा और चार बार में घर ले जाऊंगा । एक हिस्सा अपने बीबी बच्चों पर पर खर्च करूंगा  ,दूसरे हिस्से से कपड़े की दुकान खोलूंगा। तीसरा हिस्सा गरीबों में बाँट दूंगा। और चौथा हिस्सा बुरे समय के लिए बचाकर रखूँगा।  
उसने जैसा सोचा वैसा ही किया । उसने अपना भला किया और दूसरों का  ध्यान रखने से  सबने उसकी प्रशंसा की।

(शबरी शिक्षा समाचार पत्रिका मार्च अंक 2015 में प्रकाशित)  

मंगलवार, 2 दिसंबर 2014

लोककथा

गुस्सैल सँपेरा /सुधा भार्गव

एक सँपेरा  था। वह साँप का तमाशा दिखाया करता । उसने एक बंदर भी पाल रखा था जो तमाशे के बीच नाचता ,सीटी बजाता और सलाम करके सबसे पैसे लेता ।

एक बार शहर में  पाँच दिनों का बड़ा सा मेला लगने वाला था । सँपेरा साँप की पिटारी लेकर बीन बजाता नगर की ओर चल दिया और बंदर को अपने मित्र के पास छोड़ दिया । मित्र बंदर का बहुत ध्यान रखता । पहले उसको खाने को देता फिर खुद खाता ।
-इतना ध्यान तो मेरा सँपेरा भी नहीं रखता है ,मुझे भी इसके लिए कुछ करना चाहिए।
 यह सोचकर बंदर भी बगीचे से आम तोड़कर उसके लिए लाने लगा।

पांचवें दिन सँपेरा मेले से लौटा । उसने तमाशा दिखाकर काफी धन कमा लिया था पर थका –थका सा था । उसने मित्र का धन्यवाद किया और बंदर को लेकर बाग में थोड़ा आराम करने के लिए चल दिया । बंदर को भूख लगी और उसने सँपेरे से खाने को मांगा । झुंझलाकर सँपेरे ने डंडी से उसकी पिटाई कर दी । दुबारा खाने को मांगा तो रस्सी से उसे बांध दिया और सो गया। बंदर ने किसी तरह मुंह से रस्सी की गांठें खोली और अपने को आजाद किया।  वह उछलकर आम के पेड़ पर जा बैठा और रसीले आम खाने लगा ।



सँपेरे की  आँख खुली तो उसने बंदर को अकेले –अकेले आम खाते देखा । 

वह समझ गया कि बंदर उससे गुस्सा है क्योंकि रोज तो वह एक खाता था तो दूसरा उसके लिए नीचे गिरा देता था।   
उसने बहलाने की गरज से कहा –बंदर बाबू तुम बहुत सुंदर  हो और जब गुस्सा होकर गाल फुलाते हो तो और भी सुंदर लगते हो ।
-बस ज्यादा चापलूसी न कर । कभी किसी ने बंदर को सुंदर कहा है ?मेले में जाकर दो पैसे क्या कमा लिए तुझे तो घमंड होगया और मुझ पर हाथ उठा दिया । तूने मुझ भूखे को मारा ---क्या कभी भूल सकता हूँ । अब न मैं तुझे आम दूंगा और न तुझ जैसे गुस्सैल और मतलबी से  दोस्ती रखूँगा।  मैं तुझे छोडकर हमेशा के लिए जा रहा हूँ। 
सँपेरे ने उसे बहुत रोकने की कोशिश की पर बंदर नहीं रुका। 
शांत न रहने से सँपेरा अपना धीरज खो बैठा और अपनी मदद करने वाले मित्र को भी खो दिया।

(प्रकाशित -शबरी शिक्षा समाचार पत्रिका -जून 2014)    

Displaying FullSizeRender.jpg